Himachal: मंडी में 7 वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने पर मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज

हिमाचल: मंडी में सात वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने पर एफआईआर, दादा ने मां के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत
हिंदी टीवी न्यूज, मंडी। Published by: Megha Jain Updated Mon, 23 Nov 2026
मंडी शहर में सात वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
सात वर्षीय सिख बच्चे के केश काटने को लेकर मंडी में विवाद गहरा गया है। मामला अब पुलिस थाने पहुंच गया है, जहां बच्चे के 72 वर्षीय दादा की शिकायत पर उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बच्चे के केश जानबूझकर काटे गए, जिससे परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायत में मामले को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा बताते हुए संबंधित महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामले को लेकर पुलिस अब सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।















