Chamoli: हेमकुंड साहिब यात्रा: आज खुलेंगे गुरुद्वारे के कपाट, उमड़े श्रद्धालु

Hemkund Sahib Yatra: आज विधि-विधान से खुलेंगे हेमकुंड गुरुद्वारे के कपाट, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
हिंदी टीवी, ज्योतिर्मठ (चमोली)। Published by: Megha Jain Updated Sat, 23 May 2026
पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर सबद कीर्तन और दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे और गुरुद्वार में पहली अरदास होगी।
आज विधि-विधान से हेमकुंड के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस दौरान हेमकुंड साहिब में लगभग 7000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इससे पहले जो बोले सो निहाल-सत श्री अकाल के जयघोष के साथ पंज प्यारों की अगुवाई में शुक्रवार को गोविंदघाट से श्रद्धालुओं का जत्था निशान साहिब के साथ हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ था। इससे पूर्व गोविंदघाट गुरुद्वारे में गुरुवाणी का पाठ हुआ। यह जत्था रात्रि प्रवास के लिए घांघरिया पहुंचा और आज हेमकुंड साहिब पहुंचेगा।
साढ़े 12 बजे होगी पहली अरदास
गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि शनिवार को सुबह नौ बजे गुरुग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया जाएगा। सुबह 10 बजे सुखमणी का पाठ होगा। पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर सबद कीर्तन और दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे और गुरुद्वार में पहली अरदास होगी। एक बजे हुक्मनामा लिया जाएगा और इसके साथ ही इस वर्ष की हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा का शुभारंभ हो जाएगा।















