Chandigarh: सीएम मान का ₹50 हजार का चालान, एयरपोर्ट पर रोकने का AAP का आरोप

सीएम मान का कटा 50 हजार का चालान: ‘पेरिस से लौटने पर किया गया अपमान’, आप का आरोप-एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोका गया
हिंदी टीवी, चंडीगढ़। Published by: Megha Jain Updated Wed, 21 Oct 2026
आम आदमी पार्टी के मुताबिक सीएम मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर इंतजार कराया गया। तीन घंटे उन्हें जाने दिया गया और पचास हजार रुपये का चालान काटा गया।
आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा है कि भाजपा की केंद्र सरकार पंजाबियत को नीचा दिखाने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने देती है। पन्नू ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पेरिस से लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर जान-बूझकर तीन घंटे रोका गया और उसके बाद 50,000 रुपये का चालान भी काट दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर स्तर पर पंजाब के साथ धक्केशाही करती है। पहले दिल्ली की सीमाओं पर डेढ़ साल तक किसानों को जबरन बैठाकर रखा गया और फिर पंजाब के हक के फंड जारी नहीं किए गए। पन्नू ने कहा कि अब तक कम से कम चार बार सीएम मान को विदेश यात्रा की इजाजत इसलिए नहीं दी गई क्योंकि भाजपा सरकार को डर है कि अगर मुख्यमंत्री विदेश गए तो वहां से निवेश और फंड लाकर पंजाब को तरक्की की राह पर ले जाएंगे।
पन्नू ने बताया कि जब मुख्यमंत्री ने पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार पेरिस (फ्रांस) की यात्रा की, जहां वे विश्व के दूसरे सबसे बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के मशहूर राजमा और सफेद चने जैसे उत्पाद लॉन्च करने गए। इस यात्रा को केंद्र ने पहले मंजूरी नहीं दी थी। पन्नू ने आरोप लगाया कि केंद्र की उदासीनता का अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि महावाणिज्य दूत तक मुख्यमंत्री से मिलने नहीं आए।
पन्नू ने कहा कि जब सीएम मान दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उन्हें जान-बूझकर इंतजार कराया गया। यह बोला गया कि आपका सामान अभी आ रहा है। पन्नू ने आरोप लगाया कि तीन घंटे के बाद जब सीएम मान को जाने दिया गया और सामान गाड़ी में रखकर वह जाने लगे तो उसी समय अधिकारी पीछे दौड़कर आए और 50,000 रुपये का चालान काट दिया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने यहां तक कहा कि उन पर बहुत प्रेशर है ।















