Himachal: 12 हजार नशेड़ी और तस्कर चिह्नित, काउंसलिंग से होगा पुनर्वास

आंकड़ों में खुलासा: नशे की गिरफ्त और तस्करी में लिप्त 12 हजार लोग चिह्नित, काउंसलिंग के साथ होगा पुनर्वास
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Tue, 24 Nov 2026
राज्य स्तरीय एनकोर्ड (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक में सामने आए इस आंकड़े के बाद अब नशे की गिरफ्त में आए लोगों को काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास से जोड़ने की तैयारी है।
हिमाचल में नशे के सेवन और तस्करी में लिप्त करीब 12 हजार लोग चिह्नित किए गए हैं। राज्य स्तरीय एनकोर्ड (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक में सामने आए इस आंकड़े के बाद अब नशे की गिरफ्त में आए लोगों को काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए पंचायत से जिला अस्पताल तक व्यवस्था बनाई जा रही है। वहीं, तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई और नशे के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तेज करने का भी फैसला लिया गया है। पुलिस ने अन्य विभागों के सहयोग से पंचायतों को रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों में बांटकर नशे के सेवन और तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान की है।
246 पंचायतें अत्यधिक नशा प्रभावित चिह्नित
इनमें 246 पंचायतें अत्यधिक नशा प्रभावित चिह्नित हुई हैं। इन पंचायतों में पुलिस और सीआईडी की विशेष निगरानी और तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत प्रभावित लोगों को नशे से बाहर निकालने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मदद से चरणबद्ध काउंसलिंग होगी। पंचायत स्तर पर आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ता व्यक्ति और उसके परिवार से संपर्क कर शुरुआती जानकारी जुटाएंगे। पीएचसी और सीएचसी में प्रशिक्षित नशामुक्ति काउंसलर परामर्श देंगे। जिला अस्पतालों में मनोचिकित्सक, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित काउंसलर गंभीर मामलों का आकलन करेंगे।
जरूरत पड़ने पर मरीज को नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया जाएगा
जरूरत पड़ने पर मरीज को नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया जाएगा। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्रों को भी मजबूत किया जा रहा है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर में निर्मित नशामुक्ति केंद्रों का संचालन और प्रबंधन भी पुलिस को सौंपा जाएगा। इन केंद्रों में उपचार, अनुशासन और निगरानी के साथ मरीजों के पुनर्वास पर जोर रहेगा। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान केवल तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार और पुनर्वास के जरिये समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। – अशोक तिवारी, डीजीपी, हिमाचल प्रदेश
पांच चरणों में नशे से बाहर निकालने की योजना
काउंसलिंग और उपचार की प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में प्रभावित व्यक्ति की पहचान कर गोपनीय जानकारी जुटाई जाएगी। दूसरे चरण में व्यक्तिगत परामर्श से उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। तीसरे चरण में सामान्य मामलों को ओपीडी उपचार और गंभीर मामलों को अस्पताल या नशामुक्ति केंद्र भेजा जाएगा। चौथे चरण में विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार होगा। पांचवें चरण में नियमित काउंसलिंग, परिवार का सहयोग और रोजगार या कौशल विकास से जोड़कर व्यक्ति को दोबारा नशे की गिरफ्त में आने से बचाने का प्रयास होगा।














