हिमाचल: बर्फबारी से सड़कें ठप, उड़ानें रद्द; फंसे लोगों का रेस्क्यू

बर्फबारी से सड़कें ठप, उड़ान रद्द; हिमाचल में चोटियों पर बर्फबारी, चूड़धार-शिंकुला में फंसे लोगों का रेस्क्यू
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला/धर्मशाला Published by: Megha Jain Updated Mon, 12 Oct 2026
हिमाचल प्रदेश में तीन जिलों में ऑरेंज और सात जिलों में येलो अलर्ट के बीच रविवार को बारिश-बर्फबारी हुई। सुबह-शाम शीतलहर चलने से ठंड बढ़ गई है। दिनभर प्रदेशभर में रुक-रुककर बारिश होती रही।
हिमाचल प्रदेश में तीन जिलों में ऑरेंज और सात जिलों में येलो अलर्ट के बीच रविवार को बारिश-बर्फबारी हुई। इससे सात डिग्री तक तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। दिनभर प्रदेशभर में रुक-रुककर बारिश, जबकि रोहतांग और शिंकुला दर्रे के अलावा सिरमौर, भरमौर और धर्मशाला में धौलाधार की चोटियों पर बर्फ गिरी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार और मंगलवार को भी बारिश-बर्फबारी होने का येलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार को शिंकुला दर्रे के रास्ते लाहौल आ रहे कुछ वाहन अचानक बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए। इनमें दोपहिया और छोटे चार पहिया वाहन शामिल थे। सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे वाहन और पर्यटक सुरक्षित निकाले। बाइकरों को पुलिस ने अपने फोर वाई फोर वाहन से निकाला। बर्फबारी के चलते दारचा-शिंकुला मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई।
मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश से झलोगी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक घंटा तक यातायात ठप रहा। जोगिंद्रनगर में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने से मझारनू फीडर की डिस्क में ब्लास्ट हो गया। इससे भट्ठा, जोगिंद्रनगर और मझारनू में बिजली के 13 ट्रांसफार्मर ठप हो गए। रविवार को शिमला, सोलन और सिरमौर में ऑरेंज व लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सात जिलों में येलो अलर्ट था।
हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी से अधिकतम तापमान 7.3 डिग्री तक लुढ़क गया। इससे ठंड में एकदम इजाफा हुआ है। चंबा में सामान्य से 15.1, सोलन में 10.8, सुंदरनगर में 10.0, मनाली में 8.2, शिमला में 5.8 और धर्मशाला में 6.6 डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंबा में अधिकतम तापमान 16.8, सोलन में 17.0, मनाली में 14.6, शिमला में 16.4, सुंदरनगर में 20.0 और धर्मशाला में अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना 30.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।















