ऋषिकेश: नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा, पांच पर केस

ऋषिकेश: नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा; आउटसोर्स कर्मचारी व भाई बहन समेत पांच पर प्राथमिकी
हिंदी टीवी न्यूज, ऋषिकेश। Published by: Megha Jain Updated Thu, 17 Sep 2026
सुरक्षा कर्मियों ने परिसर में एक व्यक्ति को ऐसे ही पंपलेट बांटते देखा। एम्स इंटेलीजेंस के एक कर्मचारी ने उससे संपर्क कर किच्छा में नौकरी की इच्छा जताई। आरोपी ने कर्मचारी को एम्स के गेट नंबर दो के बाहर बुलाया। कर्मचारी के वहां पहुंचने पर बैराज रोड पर कुछ लोग कार में बैठे मिले, जहां नौकरी के नाम पर अभ्यर्थियों से लेन-देन किया जा रहा था।
एम्स के किच्छा स्थित निर्माणाधीन सेटेलाइट सेंटर में आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़े के आरोप में पुलिस ने भाई बहन और एम्स के आउटसोर्स कर्मचारी सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एम्स प्रशासन के अनुसार आरोपी फर्जी नियुक्ति पत्र के जरिये युवाओं से रकम वसूल रहे थे। आरोपियों के कब्जे से नर्सिंग ऑफिसर और एमटीएस पद के दो फर्जी नियुक्तिपत्र और दो लाख रुपये नकद बरामद होने का दावा किया गया है।
शिकायत में सहायक प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि उक्त सभी नियुक्ति के नाम पर लेनदेन कर रहे थे। दीपक से 2 लाख नकद बरामद किए गए। शिकायत में यह भी बताया किया कि दीपक एम्स में आउट सोर्स के माध्यम से आयुष्मान योजना में कार्यरत है। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।















