Dehradun: पंतनगर एयरपोर्ट का होगा विस्तार, 3000 मीटर रनवे से उड़ेंगे बड़े विमान

देहरादून: पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को हरी झंडी, 3000 मी. का होगा रनवे, बड़े विमानों की उड़ान का रास्ता साफ
हिंदी टीवी, देहरादून। Published by: Megha Jain Updated Thu, 19 Nov 2026
कुमाऊं में हवाई सफर को नई ऊंचाई मिलने जा रही है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की अहम बाधा दूर हो गई है। 375.33 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी होने के बाद बड़े विमानों का संचालन संभव होगा और सालाना 10.1 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित होगी।
पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता अब साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की करीब 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट का रनवे 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे यहां बड़े विमानों के संचालन की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण ने इस परियोजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। इसके साथ ही आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों के लिए बेहतर हवाई सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए किसी भी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा। निर्माण कार्य पर्यावरण से जुड़े सभी मानकों और मंजूरी की शर्तों का पालन करते हुए किया जाएगा। राज्य सरकार केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ मिलकर परियोजना को तय समय में पूरा कराने की दिशा में काम करेगी।
रनवे से लेकर टर्मिनल तक होगा विस्तार
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की इस परियोजना में एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। रनवे की लंबाई में 1,628 मीटर की बढ़ोतरी होगी। इससे बड़े विमानों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण किया जाएगा। वहीं, विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन की क्षमता दो से बढ़ाकर सात पार्किंग स्थलों की होगी। टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी।
विस्तार के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री प्रबंधन क्षमता करीब 10.1 लाख हो जाएगी। इससे कुमाऊं क्षेत्र में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में यात्रियों की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं विकसित हो सकेंगी।














