Himachal: पेट्रोल-डीजल महंगा,अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर हमला

हिमाचल: सांसद अनुराग सिंह ठाकुर बोले- पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी, कांग्रेस सरकार का जनता की जेब पर हमला
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला Published by: Megha Jain Updated Tue, 24 Mar 2026
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपये की भारी बढ़ोतरी पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन गया है और जनहित में कांग्रेस को इस जनविरोधी निर्णय को वापस लेने की बात कही है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी जी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन चुका है। यह दिखावटी मॉडल दोषपूर्ण साबित हुआ और प्रदेश की स्थिति और बिगड़ गई। हिमाचल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राज्य सरकार की तरफ से की गई ₹5 की बढ़ोत्तरी आम आदमी की जेब पर हमला है, जिस से जनता की जेब पर सालाना ₹1000 करोड़ रुपये से ज़्यादा का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। पहले दो बार में ₹10 से ज्यादा वैट लगाकर जी नहीं भरा तो अब 5 रुपये सेस, यानि जनता की जेब पर ₹15 रुपये का भार डालने का काम हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने किया है।















