हिमाचल: तकनीकी संस्थानों में अस्थायी शिक्षकों की भर्ती राज्य चयन आयोग से होगी

हिमाचल: तकनीकी संस्थानों में अस्थायी शिक्षक भर्ती राज्य चयन आयोग से होगी, एंगेजमेंट पॉलिसी-2026 अधिसूचित
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 23 Nov 2026
हिमाचल प्रदेश के सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने एंगेजमेंट पॉलिसी-2026 लागू की है। इसके तहत अस्थायी शिक्षकों की भर्ती राज्य चयन आयोग के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा से होगी। नियुक्तियां अधिकतम पांच वर्ष तक रहेंगी और नियमितीकरण का दावा नहीं किया जा सकेगा।
प्रदेश के सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने ‘एंगेजमेंट पॉलिसी-2026’ अधिसूचित कर दी है। इसके तहत अब आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में अस्थायी शिक्षकों की भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से खुली प्रतियोगी परीक्षा के आधार पर की जाएगी।
100 अंकों के आधार पर होगा प्रदर्शन का मूल्यांकन
अस्थायी शिक्षकों के प्रदर्शन का हर वर्ष 100 अंकों पर मूल्यांकन होगा, जिसमें शिक्षण गुणवत्ता, प्रयोगशाला प्रबंधन, अनुशासन और समय की पाबंदी शामिल हैं। 70 या अधिक अंक पाने वाले शिक्षक सेवा विस्तार के पात्र होंगे। 50 से 69 अंक वालों को सुधार का मौका मिलेगा, जबकि 50 से कम अंक आने पर सेवाएं समाप्त की जा सकेंगी।
नीति के तहत शिक्षक या सक्षम प्राधिकारी 10 दिन का लिखित नोटिस या उसके बदले उतने दिनों का मानदेय देकर नियुक्ति समाप्त कर सकेंगे। वहीं, कदाचार, फर्जी दस्तावेज या असंतोषजनक प्रदर्शन पर उचित सुनवाई के बाद तत्काल सेवाएं समाप्त की जा सकेंगी।
नौ दिन की अनुपस्थिति पर नहीं कटेगा मानदेय
इन शिक्षकों को नियमित अवकाश नहीं मिलेगा, लेकिन संस्थान प्रमुख उचित कारण पर 12 महीने में अधिकतम नौ दिन की अनुपस्थिति की अनुमति दे सकेंगे। इस दौरान मानदेय नहीं कटेगा। इसके अलावा उन्हें सरकारी कार्य पर टीए-डीए, कानून के तहत मातृत्व-पितृत्व लाभ तथा पात्रतानुसार हिमकेयर या आयुष्मान भारत योजनाओं का लाभ मिलेगा।















